सदियों से उपेक्षित उत्तरेश्वर मंदिर का हुआ जीर्णोद्धार, राधाष्टमी पर विशेष पूजन एवं ऐतिहासिक भंडारे का आयोजन
सुजानगंज, जौनपुर।
ग्राम सभा तारपट्टी बेलवार में सदियों से उपेक्षित पड़े प्राचीन उत्तरेश्वर मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य ग्रामवासियों, क्षेत्रीय सहयोगियों एवं नवयुवाओं की सक्रिय सहभागिता से पूर्ण हुआ। जीर्णोद्धार के पश्चात मंदिर में श्री राधाष्टमी के पावन पर्व पर विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
मंदिर के जीर्णोद्धार एवं धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ग्राम के नवयुवाओं की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पूरे अभियान में मार्गदर्शक एवं श्रीजी के भक्त केदार नाथ पाण्डेय का विशेष मार्गदर्शन रहा, वहीं जमीनी स्तर पर कार्य को आगे बढ़ाने में युवा अमित बतीश पाण्डेय एवं उनकी टीम के सदस्यों ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
मंदिर के जीर्णोद्धार में ग्रामवासियों तथा क्षेत्र के लोगों का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। युवाओं द्वारा श्रम, समय और संसाधनों का समर्पण करते हुए मंदिर को पुनः धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाने का प्रयास किया गया।
राधाष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ। ग्राम प्रतिनिधि के रूप में नीरज पाण्डेय ने प्रमुख यजमान के रूप में मुख्य भूमिका निभाई और विधि-विधान से पूजन में सहभागिता की।
पूजन के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल एवं ऐतिहासिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम एवं आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकजुटता देखने को मिली।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से उपेक्षित इस प्राचीन मंदिर का पुनरुद्धार केवल एक धार्मिक स्थल का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि गांव की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को पुनर्जीवित करने का प्रयास है। नवयुवाओं की इस पहल को ग्रामवासियों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर मंदिर से जुड़े नवयुवाओं, ग्रामवासियों, सहयोगियों एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी उत्तरेश्वर मंदिर को धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेगा।
Post a Comment